खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव को लेकर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई वार्ड प्रभारियों की बैठक, योग्य प्रत्याशियों की तलाश पर जोर।
खैरागढ़. वार्ड प्रभारियों की घोषणा के बाद मंगलवार को हुई कांग्रेस की पहली मीटिंग में नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के साथ योग्य प्रत्याशियों की तलाश पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार रहते जब कांग्रेस जीत सकती है, फिर अभी क्यों नहीं! सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं, जीत निश्चित समझिए।
यह भी पढ़िए: थ्रेसर से कटकर अलग हुआ 6 साल के बच्चे का पंजा, 8 डॉक्टरों की टीम ने रातभर के ऑपरेशन बाद जोड़ा
इस बैठक में हुई बातों से पता चला कि चुनाव में कांग्रेस के मंच से हाईटेक बस स्टैंड और खेल मैदान का मंत्र जोरशोर से गूंजेगा। इसके अलावा टिकरापारा पुल को लेकर भी प्रस्ताव भेजा जा चुका है। निर्वतमान सभापति मनराखन देवांगन ने बताया कि हाईटेक बस स्टैंड के लिए सोनेसरार और खेल मैदान के लिए धनेली में स्थान प्रस्तावित है। कागजी कार्रवाई हो चुकी है। राशि भी जल्द ही मिल जाएगी।
इधर मोतीनाला पर पुल का प्रस्ताव विभागीय मंत्री को भेजा जा चुका है। इसके अलावा नाली, सड़क, सामुदायिक भवन आदि के लिए 14वें वित्त से टेंडर लग चुका है। इसी तरह एक करोड़ 20 लाख से शहर के पांच तालाबों का सौंदर्यीकरण भी प्रस्तावित है।
भाजपा के गढ़ से भविष्य दिखाने की तैयारी में कांग्रेस
आपको बता दें सोनेसरार व टिकारापारा के निवर्तमान पार्षद भाजपा के ही हैं, और ये दोनों वार्ड भाजपा के गढ़ माने जाते हैं। वहीं धनेली में जोगी कांग्रेस के पार्षद की पैंठ है। लग रहा है कि कांग्रेस बड़ी योजनाओं के जरिए भाजपा के गढ़ में सेंध लगाकर शहर का भविष्य दिखाने की तैयारी में है। कांग्रेसियों को उम्मीद है कि चुनाव से पहले तमाम प्रस्तावों पर सरकार की मुहर लग जाएगी।
हर वार्ड में तीन व्यक्तियों की तलाश
शहर अध्यक्ष भीखमचंद छाजेड़ ने बताया कि वार्ड प्रभारियों को प्रत्येक वार्ड में नए कार्यकर्ता जोड़ने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही वे योग्य प्रत्याशी भी तलाशेंगे। हर वार्ड में तीन व्यक्ति तलाशे जाएंगे। इसके बाद इन्हीं में से एक पर निर्णय होगा। इसके अलावा वार्ड की समस्याओं पर भी मतदाताओं से चर्चा करने के लिए कहा गया है।
बैठक में नहीं दिखे तीन बड़े चेहरे
पार्टी सूत्रों की मानें तो वार्ड प्रभारियों की घोषणा के बाद कांग्रेस के भीतर काफी उथल-पुथल मची हुई है। पहली बैठक से तीन बड़े चेहरे, नीलेंद्र शर्मा, सुनील पांडेय और ओम प्रकाश झा, नदारद दिखे। हालांकि नीलेंद्र का कहना है कि वे व्यस्तता की वजह से बैठक में नहीं जा पाए। भीखमचंद ने बताया कि सुनील और ओम प्रकाश भी व्यस्त थे। बाकी सभी प्रभारी बैठक में मौजूद रहे।
यह भी पढ़िए: थ्रेसर से कटकर अलग हुआ 6 साल के बच्चे का पंजा, 8 डॉक्टरों की टीम ने रातभर के ऑपरेशन बाद जोड़ा