मुंबई. कोरोना लॉकडाउन के बाद बदले माहौल का अंदाजा इस एक खबर से खूब लगाया जा सकता है। अब इंसान प्रकृति के करीब आ गया है। दोनों के बीच संवाद होने लगे हैं। मानो पशु-पक्षियों ने इंसान को भी प्रकृति का हिस्सा मान लिया हो। पिछले दिनों ऐसे कई सबूत मिले। केरल की सड़कों पर विचरण करते जंगली जानवरों की तस्वीरें भी वायरल हुईं।
हालही में सोशल मीडिया पर आई इस तस्वीर को इसी धारावाहिक का हिस्सा मान लीजिए जिसमें मुंबई के जतिन तालुकदार खिड़की पर बैठकर गिटार बजाते दिख रहे हैं और दो तोते गिटार की झनकार से सुर मिला रहे हैं। हर बीट पर उनकी आवाज सुनाई दे रही है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो बहुत देखा जा रहा है।
जतिन ने बताया कि यह सिलसिला तकरीबन 13 दिनों से चल रहा है। पहले दिन ही जब वे आए तो काफी फ्रेंडली लग रहे थे। फिर जब भी गिटार की धुन गूंजी खिड़की पर दोनों दिखाई दिए। यह वीडियो जतिन की मां ने शूट किया है। जतिन का कहना है कि वीडियो में जो कुछ भी दिखाई दे रहा है, वह पूरी तरह नेचुरल है।
लॉकडाउन के दौरान प्रकृति में आए बदलाव का नजारा केरल की सड़कों पर भी दिखाई दिया था, जब मुन्नार की सड़कों हाथी दिखाई दिया और बेहद दुर्लभ भारतीय कस्तूरी बिलाव देखने को मिला। कस्तूरी बिलाव की वीडियो तो खुद अर्जुन रामपाल ने ट्विटर हैंडल पर शेयर की थी।
रागनीति के ताजा अपडेट के लिए फेसबुक पेज को लाइक करें और ट्वीटर पर हमें फालो करें या हमारे वाट्सएप ग्रुप व टेलीग्राम चैनल से जुड़ें।