खैरागढ़. एकीकृत बाल विकास परियोजना छुईखदान गंडई सेक्टर के ग्राम कटंगी के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में मिशन शक्ति अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण के संबंध में जानकारी दी गई। बालिकाओं को एनीमिया एवं स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में बताया गया तथा इसके रोकथाम के लिए आवश्यक जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एनीमिया, सिकल सेल जांच के लिए कैंप लगाकर बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर आधारित बालिकाओं द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमे रंगोली, कुर्सी दौड़, कविता प्रतियोगिता आदि शामिल है। विजेता बालिकाओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एंबेसेडर और चैंपियन के रूप में पुरस्कृत किया गया साथ ही महिला सशक्तिकरण के संबध में आवश्यक जानकारी दी गई। किशोरी बालिकाओं को मासिक धर्म से जुड़े मिथक को त्यागने और इस दौरान आवशयक सावधानी बरतने की जानकारी दी गई। इस दौरान सभी को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का शपथ दिलाया गया।
