Chattisgarh राज्य के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने धान खरीदी को लेकर किसानों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन को पूरी तरह प्रायोजित बताया है। चौबे ने कहा कि धान खरीदी के काम को सरकार ने पूरी जिम्मेदारी के साथ तय समय सीमा में पूरा किया है। 19 फरवरी के आंकड़ों के अनुसार अब तक राज्य में 82 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है, जो अब तक राज्य में धान खरीदी का सबसे बड़ा रिकार्ड है।
जिन जगहों पर बारदाने की कमी की वजह से खरीदी प्रभावित हो रही थी, वहां नए बारदाने तत्काल भेजे गए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का टोकन कट चुका है, पंजीयन हो चुका है, उनका धान किसी भी स्थिति में खरीदा जाएगा। इसके लिए उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है, लेकिन कुछ लोग प्रायोजित तरीके से किसानों के बीच अफवाह फैलाकर उन्हें प्रदर्शन के लिए उकसा रहे हैं।
किसानों पर लाठीचार्ज की घटना पर इंकार करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी किसानों पर लाठीचार्ज नहीं हुआ है। चक्का जाम की स्थिति बनी तो प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया था।
समर्थन मूल्य के अंतर की राशि किसानों को देने की योजना पर चौबे ने कहा, बजट में 5000 करोड़ की अतिरिक्त राशि की व्यवस्था की गयी है, जिसके जरिए समर्थन मूल्य के अंतर की राशि किसानों को दी जाएगी। उप मंत्रिमंडलीय समिति ने नीतिगत तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से लौटते ही नाम तय किया जाएगा।