खैरागढ़. नगर पालिका चुनाव के लिए वार्डों के आरक्षण से दो सभापति सहित पांच पार्षदों की जमीन खिसकती नजर आ रही है। वे अपने वार्ड से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। चुनाव लड़ने के लिए उन्हें अन्य वार्डों में जमीन तलाशनी पड़ेगी। इसमें मनराखन देवांगन, सुबोध पांडेय, गिरवर पटेल और शिव रजक के साथ जेल में बंद नेता प्रतिपक्ष कमलेश कोठले भी शामिल हैं।
ठीक इसी तरह वार्ड नंबर 7 से निवर्तमान पार्षद नीलिमा गोस्वामी तो स्वाभाविक दावेदार होंगी, लेकिन अनारक्षित मुक्त होने से यहां भी दोवेदारों की लंबी फेहरिस्त तैयार होने की संभावना है। वहीं वार्ड-8 तुरकारी पारा की सीट अनारक्षित महिला होने से सुबोध पांडेय दौड़ से बाहर हो चुके हैं। टिकट की आस लगाए बैठे दोनों ही पार्टी के दावेदारों की उम्मीद पर भी पानी फिरता दिखाई दे रहा है।
वार्ड-17 दाऊचौरा अनारक्षित महिला होने से मनराखन देवांगन को कहीं और से दावेदारी पेश करनी होगी। वार्ड-19 टिकरापारा अनारक्षित मुक्त होने के बाद भाजपा पार्षद शेष नारायण यादव की मुश्किलें बढ़ेंगी। यहां भाजपा के कई नेता पालिका चुनाव को लेकर पहले से ही सक्रिय हैं। वार्ड-9 इतवारी बाजार अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने से निवर्तमान उपाध्यक्ष रामाधार रजक के लिए भी रास्ता साफ हो गया है।
यहां पढ़िए… 20 में से कौन से वार्ड किसके लिए हैं आरक्षित
नगर के वार्ड | आरक्षण | वर्तमान पार्षद |
वार्ड-1 पिपरिया | अना. महिला | गिरवर पटेल |
वार्ड-2 पिपरिया | अना. मुक्त | शैलेंद्र वर्मा |
वार्ड-3 गंजीपारा | अना. मुक्त | रिक्त |
वार्ड-4 राजफेमली | अनु. जनजाति मुक्त | संजय गोंड़ |
वार्ड-5 ठाकुरपारा | ओबीसी मुक्त | सुमन दयाराम पटेल |
वार्ड-6 बरेठ पारा | अना. महिला | शिव रजक |
वार्ड-7 महावीर वार्ड | अना. मुक्त | नीलिमा गोस्वामी |
वार्ड-8 तुरकारी पारा | अना. महिला | सुबोध पांडेय |
वार्ड-9 इतवारी बाजार | ओबीसी मुक्त | रामाधार रजक |
वार्ड-10 लालपुर | ओबीसी महिला | कीर्ति वर्मा |
वार्ड-11 किल्लापारा | अना. मुक्त | सोनू ढीमर |
वार्ड-12 अमलीपारा | ओबीसी महिला | गिरिजा चंद्राकर |
वार्ड-13 धनेली | अना. मुक्त | पुरुषोत्तम वर्मा |
वार्ड-14 सोनेसरार | अनु. जाति महिला | कमलेश कोठले |
वार्ड-15 अमलीडीह | अनु. जाति | गायत्री डहरिया |
वार्ड-16 दाऊचौरा | अना. मुक्त | विनय देवांगन |
वार्ड-17 दाऊचौरा | अना. महिला | मनराखन देवांगन |
वार्ड-18 अंबेडकर | ओबीसी मुक्त | साहिस्ता बानो सोलंकी |
वार्ड-19 टिकरापारा | अना. मुक्त | शेष नारायण यादव |
वार्ड-20 खम्हरिया | अनु. मुक्त | दिलीप लहरे |
एसडीएम को बनाया प्रशासक
इधर नगर पालिका परिषद की कालावधि समाप्त होते ही कलेक्टर ने खैरागढ़ की एसडीएम निष्ठा पांडेय तिवारी को प्रशासक नियुक्त कर दिया है। आगामी आदेश तक वे ही नगर पालिका के कामकाज की मॉनिटरिंग करेंगी।