गोलू सिन्हा द्वारा मृतक के परिजन से कथित रूप से की गई पैसों की मांग, डॉक्टर के नाम के दुरुपयोग की आशंका
खैरागढ़. सिविल अस्पताल खैरागढ़ में पदस्थ वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण सिंह परिहार एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। 3 मई 2025 को किए गए एक पोस्टमार्टम के मामले में अब उन पर गंभीर आरोप लगे हैं। मृतक के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई है कि पोस्टमार्टम के बदले कथित तौर पर पैसे की मांग की गई, और इस मांग में डॉक्टर का नाम लिया गया।
मामले में एक ऑडियो क्लिप भी सामने आई है, जिसमें गोलू सिन्हा नामक व्यक्ति द्वारा मृतक के परिजन से कथित तौर पर पैसों की मांग की जा रही है। परिजनों ने यह ऑडियो साक्ष्य के रूप में खंड चिकित्सा अधिकारी को सौंपा है। ऑडियो में यह संकेत मिलता है कि पैसे की मांग डॉक्टर के नाम पर की गई थी, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
छवि धूमिल करने का मामला, विभागीय नियमों का उल्लंघन
खंड चिकित्सा अधिकारी, सिविल अस्पताल खैरागढ़ द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि इस प्रकार की गतिविधि से विभाग की छवि धूमिल हुई है। यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रतिकूल आचरण माना जा रहा है। साथ ही, यह कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और अनास्था को दर्शाता है।
26 मई तक देना होगा जवाब, अन्यथा कार्रवाई तय
डॉ. परिहार से इस पूरे मामले में 26 मई 2025 तक स्पष्ट जवाब मांगा गया है। अगर निर्धारित समय-सीमा में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है, तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु प्रकरण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को अग्रेषित किया जाएगा। इस संबंध में स्पष्ट किया गया है कि समस्त उत्तरदायित्व डॉ. परिहार का होगा।
डॉक्टर या दलाल – कौन जिम्मेदार?
इस मामले ने एक बार फिर अस्पतालों में दलालों की सक्रियता और डॉक्टरों के नाम के दुरुपयोग की गंभीर समस्या को उजागर किया है। यह जांच का विषय है कि क्या डॉ. परिहार स्वयं इस कृत्य में लिप्त हैं, या उनका नाम बिना जानकारी के प्रयोग किया गया है। बहरहाल, अस्पताल प्रशासन अब इस मामले में सतर्क नजर आ रहा है और जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
जनमानस में आक्रोश, पारदर्शिता की मांग
घटना के सामने आने के बाद आमजन में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पोस्टमार्टम जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में पैसे की मांग मानवता के खिलाफ है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि दोषी व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कोई भी हो।
ऑडियो के आधार पर नोटिस जारी किया गया है 26 मई तक जवाब मांगा गया है जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. विवेक बिसेन, खण्ड चिकित्सा अधिकारी खैरागढ़
नोटिस जारी किया है उसकी जानकारी मिली है वायरल ऑडियो की जांच कराई जाएगी। उसमें जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई किया जाएगा।
डॉ. आशीष, जिला चिकित्सा अधिकारी