साधना की चुनावी चाल / जहां चार दिन पहले केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने ली थी सभा, वहीं पर उन्हीं की आड़ लेकर बटोरी सहानुभूति। कहा- भाजपा ने आपकी बड़ी बेटी को सम्मान नहीं दिया।
बाजार अतरिया में साधना को सुनने बैठे ग्रामीण।
नियाव@ खैरागढ़
कांग्रेस की स्टार प्रचारक साधना भारती ने शनिवार दोपहर तकरीबन ढाई बजे बाजार अतरिया के अवंती चौरा में हुई सभा के दौरान उमा भारती की आड़ में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्हें लोधी समाज की बड़ी बेटी और खुद को छोटी बताया। फिर एक-एक कर सारे घटनाक्रम गिनाए। साधना ने ये बातें कहीं:-
कद बढ़ाने कुर्सी का सहारा...
स्टार प्रचारक का कद बढ़ाने दो कुर्सियों का सहारा लिया गया।
1. पहले उमा को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद से हटाया। फिर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया। जैसे किसी अपराधी को तड़ीपार कर दिया जाता है वैसे ही बिना किसी अपराध के उमा भारती को मध्यप्रदेश निकाला दे दिया गया। पार्टी में वापस बुलाया तो हाथ में कमंडल थमाया और कहा कि तुम्हें मध्यप्रदेश आने की आवश्यकता नहीं।
2. अब उत्तर प्रदेश जाओ और लोधी समाज को भाजपा का बंधुआ मजदूर बनाने का काम करो। पहले चरखारी के चक्कर में फंसाया। फिर झांसी का झांसा दिया। मगर सही मायने में उन्हें सम्मान देने का काम नहीं किया गया।
3. मैं लोधी समाज की छोटी बेटी हूं और आपको बताने आई हूं कि जो काम उमा भारती न कर सकीं। कल्याण सिंह न कर सके। कोई नहीं कर सका वह मैं करके दिखाऊंगी। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से हाथ उठवाकर कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देने की अपील की।
4. चुनाव में अच्छे नेता के चयन को बताया महायज्ञ / साधना भारती ने कहा कि केवल अग्नि कुंड में आहूति देना ही यज्ञ नहीं कहलाता। भूखे को भोजन कराना भी यज्ञ है। माता-पिता का सम्मान करना यज्ञ करना यज्ञ कहलाता है। सबसे बड़ी बात कि चुनाव में अच्छे नेता का चयन करना भी महायज्ञ कहलाता है। ये आहूति आने वाली 12 तारीख को देनी है।
5. विधायक ही नहीं जिताएंगे बल्कि मंत्री बनाएंगे / अपने 22 साल का अनुभव बताते हुए साधना ने बताया कि इस चुनाव के बाद सरकार बनेगी और आप विधायक नहीं बल्कि मंत्री चुनेंगे। मैं आपको समझाने आई हूं कि यह महाभारत का शंखनाद हो चुका है।
रविवार को सड़क अतरिया में आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा के पक्ष में वोट मांगने के लिए रविवार को सड़क अतिरया में पार्टी के स्टार प्रचारक व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की आमसभा रखी गई है। अमित यहां से छुईखदान, गंडई, साल्हेवारा क्षेत्र के मतदाताओं को तो प्रभावित करने का प्रयास करेंगे।
और यहां वीडियो में देखिए साधना भारती की सभा के कुछ अंश...