खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी संगठन ने खैरागढ़ - छुईखदान - गंडई जिले के जिला अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। संगठन ने जिले के पांडादाहा मंडल व साहू समाज पर भरोसा जताते हुए पूर्व जनपद सदस्य व पूर्व मंडल अध्यक्ष बिशेसर साहू को पार्टी का नया जिला अध्यक्ष घोषित किया है। बिशेसर दर्जन भर से अधिक कद्दावर भाजपा पदाधिकारियों को पीछे छोड़कर पार्टी के जिला अध्यक्ष बने हैं। जिनमें छुईखदान नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष गिरिराज किशोर दास, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष खम्मन ताम्रकार, वरिष्ठ भाजपाई अनिल अग्रवाल, जिला महामंत्री रामाधार रजक, पूर्व जनपद अध्यक्ष टिलेश्वर साहू, पार्षद चंद्रशेखर यादव, उनकी पत्नी व भाजपा नेत्री प्रीति यादव, सहित अन्य शामिल थे। जिला अध्यक्ष की घोषणा पार्टी के जिला निर्वाचन अधिकारी व पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने की। इस दौरान ठेलकाडीह मंडल अध्यक्ष भोज बंजारे, पांडादाहा मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, शहर मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष देवकुमार सेन सहित अन्य मंडल अध्यक्ष व नेता गण मौजूद रहे।
पांडादाहा मंडल की धाक
जिला के गठन के बाद से ही जिला अध्यक्ष के गठन में डोंगरगढ़ विधानसभा के पांडादाहा मंडल को खासा स्थान मिला है और मंडल की धाक रही। साथ ही साहू समाज को साधते हुए दूसरी बार साहू समाज के व्यक्ति को ही जिला अध्यक्ष बनाया गया है। निवर्तमान जिला अध्यक्ष घम्मन साहू भी पांडादाहा मंडल के टोलागांव के मूल निवासी रहे। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू को प्रदेश प्रतिनिधि बनाया गया।
चयन प्रक्रिया को लेकर अनिल अग्रवाल ने पूछा सवाल
घोषणा से पहले वरिष्ठ भाजपाई अनिल अग्रवाल ने जिला निर्वाचन अधिकारी चंदूलाल साहू से प्रक्रिया के संबंध में सवाल पूछकर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को सकते में ला दिया। अनिल अग्रवाल ने साहू से पूछा कि जिला अध्यक्ष के लिए चयन का मापदंड क्या अपनाया गया। अनिल अग्रवाल ने संगठन चुनाव पर सवाल खडे़ करते हुए कहा की पहले से मिडिया में बिसेसर साहू को जिलाध्यक्ष बनने की बात चल रही है जबकि दिल्ली से लिफाफा बंद है तो बात कैसे लीक हो गई है। अनिल अग्रवाल ने मिड़िया से कहा की इसे निर्वाचित अध्यक्ष न कहकर मनोनित अध्यक्ष कहना चाहिए। इस दौरान अग्रवाल ने कहा कि मै पार्टी का सिपाही हूं जो भी पार्टी संगठन काम देगा मै ईमानदारी से काम करूंगा।
चुनाव प्रभारी चंदुलाल साहू ने बताया की भारतीय जनता पार्टी लोक तंत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव करती है। पार्टी मे अनुुशासन भी है जिलाध्यक्ष चयन से पहले सबसे पहले राय-शुमार ली गई थी जिसमें एक नाम बिशेसर साहू पर सब सहमत हुआ। जिसे केसीजी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। विधिवत रूप से उससे बिशेसर से नामांकन लिया गया सभी लोगो ने बिशेसर का समर्थन किया। चयन प्रक्रिया मे निविरोध रूप से बिशेसर का चयन किया गया।
अनिल अग्रवाल के सवाल पर चुनाव प्रभारी चंदुलाल साहू ने कहा कि यह निर्वाचन प्रक्रिया है जिलाध्यक्ष के लिए 12 लोगो ने आवेदन दिया था। जिसमें सबसे ज्यादा समर्थन पर जिलाध्यक्ष के रूप मे बिशेसर को बनाया गया है।