दिए नुकसान का आंकलन कर किसानों को राहत देने के निर्देश
ख़ैरागढ़ 00 जिले के ख़ैरागढ़ - छुईखदान ब्लॉकों में ओलावृष्टि से हुए रवि फसल को नुकसान को लेकर सांसद संतोष पांडे ने कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा को नुकसान के अवलोकन के लिए निर्देशित किया है। साथ ही प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर किसानों को राहत देने के निर्देश दिए हैं। सांसद संतोष पांडे ने स्वयं ओला प्रभावित क्षेत्र में जाकर हुए नुकसान का अवलोकन किया। क्षेत्र के ग्रामीण प्रतिनिधियों से चर्चा कर नुकसान की जानकारी ली। सोमवार को जिले के दोनों ब्लॉकों के प्रमुख ग्रामों बाज़ार अतरिया,जालबांधा से लगे ग्रामों सहित छुईखदान ब्लॉक के गंडई क्षेत्र के धोधा,संडी,रैमडवा,कालेगोंदी,बिरणपुर,गरा,ज़ोम,भरदागोंड़ सहित क्षेत्र ग्रामों में ओलावृष्टि हुई है। जिसकी वजह से रवि फ़सल गेंहू,चने की फसल को नुकसान हुआ है।
ज़मीनी स्तर पर जाकर करें नुकसान का आंकलन
सांसद पांडे ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ज़मीनी स्तर पर जाकर किसानों को हुए नुकसान का आंकलन होना चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि बीमित किसानों को लाभ मिले। साथ ही अन्य किसानों को भी आपदा प्रबंधन की राशि मिले। जिससे किसानों को राहत मिले।
कपास सहित अन्य फसलों को भी हुई क्षति
सांसद ने परंपरागत फसलों के अलावा कपास,सोयाबीन व सब्जियों की फसल को भी पहुंचे नुकसान का आंकलन कर राहत देने के निर्देश दिए हैं। क्योंकि क्षेत्र में परंपरागत खेती के साथ बड़ी संख्या में कपास की खेती भी होती है।
खम्मन ने भी की मुलाकात
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार ने मंगलवार को कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा से मुलाकात कर ओलावृष्टि और बेमौसम बरसात पर हुए नुकसान का आंकलन करने की मांग की है। किसान नेता खम्मन ने कलेक्टर से मिलकर कृषि व राजस्व विभाग के अधिकारियों से संयुक्त सर्वे कराने का अनुरोध किया। इस दौरान उनके साथ दुजेराम वर्मा व अन्य मौजूद रहे।