खैरागढ़. धान खरीदी केन्द्रों में अव्यवस्था और किसानों की समस्याओं का निराकरण किए जाने कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम राजस्व अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर त्वरित कार्यवाही की मांग की। ज्ञापन देते हुए कांगे्रसियो ने बताया की धान खरीदी केन्द्रों में बारदानों की कमी से किसानों को धान बेचने में परेशानी हो रही है। टोकन की व्यवस्था अव्यवहारिक होने से किसानों को सात से दस दिन बाद बुलाया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक कांटे में हो रही तौलाई में डेढ़ से ढाई किलो धान अधिक तौला जा रहा है। समितियों में धान का उठाव नहीं होने से जगह का अभाव बढ़ गया है। जिले के किसानों की अनावरी रिपोर्ट कम बनाने और समितियों में 21 क्विंटल धान की खरीदी नहीं होने से किसानों का पूरा धान नहीं खरीदा जा रहा है। बडे़ किसानों द्वारा अपनी बारी का इंतजार करने के बाद भी बारी नहीं आ रही है। सरकार के 72 घंटे में धान का भुगतान का दावा फेल हो रहा है। किसानों को सप्ताहभर बाद भी खरीदी की रकम नही मिल पा रही है।
3100 की जगह किसानों को धान का 23 सौ रुपए ही भुगतान किया जा रहा है। धान की कीमत 3217 रू निर्धारित कर सरकार से चुनावी वादे को पूरा कराए जाने बीज उत्पादक किसानों के धान की खरीदी भी समितियों में किए जाने, समितियों से धान को संग्रहण केन्द्र की बजाय सीधे राइस मिलरों को भेजने, पिछले साल समितियो के सूखत की राशि का तत्काल समितियों को भुगतान किए जाने की मांग की गई है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, आकाशदीप सिंह, हिमांचल सिंह, रविन्द्र सिंह, बलदाऊ सिंह, पालिका के नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, संदीप सिरमौर, सूर्यकांत यादव, नदीम मेमन, संत निषाद सहित अन्य कांग्रेसी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।