जो पंच का चुनाव नहीं जीता,वो सूरज को दिया दिखा रहा
खैरागढ़. मंगलवार को सांस्कृतिक भवन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर की गई टिप्पणी का जवाब विक्रांत सिंह ने पिछड़ा वर्ग मोर्चा की बैठक में दिया। विक्रांत ने कहा कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर अभद्र टिप्पणी की गई तो ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। विक्रांत ने कहा कि जो व्यक्ति खुद के दम पर पंच का चुनाव न जीता हो,वह सूरज को दिया दिखाने का प्रयास कर रहा है। विक्रांत ने कहा कि कल के कार्यक्रम में गंदा प्रदर्शन हुआ और गंदी बातें कही गई हैं। जिसे खैरागढ़ की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। बैठक में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष शिव वर्मा सहित मंडल भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैंक के अध्यक्ष पद पर सत्ता के बल बैठना तालिबानी सोंच
विक्रांत ने कहा कि तालिबान ने आज अपनी ताकत के बल पर अफगानिस्तान पर उसी तरह कब्ज़ा किया है। जिस तरह से जिला सहकारी बैंक में अध्यक्ष के पद पर निर्वाचित बैठे अध्यक्ष को सत्ता के बल पर हटाकर आज खुद बैठे हुए हैं। ये उसी तालिबानी सोंच का परिचायक है। बिना नवाज़ खान का नाम लिए विक्रांत ने कहा कि कल जैसा भौंडा प्रदर्शन छत्तीसगढ़ और खैरागढ़ की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
कल नवाज़ ने पूर्व मुख्यमंत्री पर लगाया था वंशवाद का आरोप
कल स्वागत समारोह में नवाज़ खान ने पूर्व मुख्यमंत्री पर वंशवाद का आरोप लगाते हुए कहा था कि रमन सिंह खुद मुख्यमंत्री बने,बेटे को सांसद बनाया और रिश्तेदारों को पालिका और बैंक के अध्यक्ष पद पर बिठाया।