बिलासपुर। न्यायधानी की जीवनदायिनी अरपा अब सालभर पानी से भरी रहेगी। इससे शहर का जलस्तर भी हमेशा अच्छा बना रहेगा। इस नदी पर अरपा बैसाझार बैराज बनकर तैयार हो गया है। शिव घाट और पचरी घाट पर दो और बैराज स्वीकृत हैं। इसका काम भी जल्द शुरू हो जाएगा। यह जानकारी अरपा बैसाझार बैराज का निरीक्षण करने के बाद विधायक शैलेश पांडेय ने दी।
श्री पांडेय ने बताया कि अरपा बैसाझार बैराज के माध्यम से नदी में बीते सालभर में कई बार पानी आया जिसके कारण नदी नहीं सूखी। साथ ही शहर का जलस्तर भी अच्छा रहा और लोगों को पानी के लिए परेशान कम होना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस बैराज का निर्माण पूरा हो गया है, जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। शासन ने अरपा पर दो और बैराज स्वीकृत किए हैं। शिवघाट और पचरीघाट पर प्रस्तावित इन बैराजों का निर्माण भी जल्द शुरू हो जाएगा।

इन दो और बैराजों के बन जाने से अरपा की धार कभी नहीं सूखेगी। साथ ही शहर का जलस्तर भी हमेशा अच्छा बना रहेगा। इससे गर्मी के दिनों में बिलासपुर की जनता को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि अरपा बैसाझार बैराज से 25 हजार हेक्टेयर रकबे में सिंचाई करने की योजना है।
इससे हमारे अन्नदाताओं की फसलों को पर्याप्त पानी मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि बैराज का निरीक्षण इसलिए ही किया गया ताकि इसका उद्घाटन जल्द कराया जा सके। इस दौरान विधायक के साथ जिले के सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उप अभियंता सहित कांगे्रस कार्यकर्ता शैलेंद्र जायसवाल, पंकज सिंह, पप्पू बाजपेयी, रामा बघेल, अंकित गौरहा, मनी शंकर, अर्जुन सिंह, मोनू अवस्थी, फिरोज खान आदि मौजूद थे।
रागनीति के ताजा अपडेट के लिए फेसबुक पेज को लाइक करें और ट्वीटर पर हमें फालो करें।