स्पर्धा में उत्साह: स्वच्छता संग्राम कैंपेन में स्कूल से विवि तक के छात्रों ने लिया हिस्सा
नियाव@ खैरागढ़
स्वच्छता ही सेवा है अभियान को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका ने टिकरापारा के एसएलआरएम सेंटर में वेस्ट से बेस्ट प्रतियोगिता रखी। इसमें हिस्सा लेने के लिए स्कूल से विश्वविद्यालय तक के छात्रों ने हिस्सा लिया। पॉलीटेक्निक के छात्रों ने स्मार्ट सिटी का मॉडल बनाया तो विश्वविद्यालय में डिजाइनिंग की छात्राओं ने खूबसूरत ड्रेस का रूप दिया। इस स्पर्धा में कुल सात टीमें शामिल हुईं। आगामी दिनों में उनके बनाए मॉडल प्रदर्शनी में रखे जाएंगे और उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के इस अभियान में संगीत नगरी के युवा बड़े उत्साह से जुट रहे हैं। दाऊचौरा के सूरज देवांगन और उनकी टीम सफाई में लगातार अपनी भागीदारी निभा रही है। जागरूकता रैली में स्काउट-गाइड के छात्रों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इसी तरह गुरुवार को टिकरापारा के मणि कंचन केंद्र में गर्ल्स स्कूल, बख्शी स्कूल, पॉलीटेक्निक कॉलेज और इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के छात्रों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सुबह 11 बजे से शुरू हुई यह प्रतियोगिता शाम 5 बजे तक चली। प्रतिभागियों ने सबसे पहले कबाड़ से उपयोगी सामान निकाले। फिर समूह बनाकर अपनी कल्पना को मूर्तरूप देना शुरू किया। हंसी मजाक के बीच वे अपने हुनर को आजमाते दिखे।
योग शिक्षिका ने बनाया खूबसूरत डॉल
इस प्रतियोगिता में संगीत विश्वविद्यालय की योग शिक्षिका दिप्ती शर्मा ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने ग्रीटिंग कार्ड के साथ अन्य वस्तुओं को जोड़कर खूबसूरत डॉल और फ्लावर पॉट बनाया।
उपाध्यक्ष अौर पार्षदों ने दिखाई रुचि
प्रतियोगिता के दौरान नपा उपाध्यक्ष रामाधार रजक, पार्षद कमलेश कोठले, शेष यादव, अय्यूब सोलंकी आदि भी पहुंचे। इससे पहले स्वच्छता के लिए निकली जागरूकता रैली में कांग्रेस-भाजपा के पार्षदों ने रुचि नहीं दिखाई थी।
जानिए किस ग्रुप ने कबाड़ से क्या बनाया
इस स्पर्धा में विश्वविद्यालय के डिजाइनिंग डिपार्टमेंट से दो टीमों ने हिस्सा लिया। साक्षी जैन और उत्तम दशरिया की अलग-अलग टीम में से हरेक में 10-12 सहयोगी दिखे। इसी तरह गर्ल्स स्कूल की हेमलता उइके और बख्शी स्कूल से कुलेश्वर साहू और उनके साथियों ने भी हिस्सा लिया। पॉलीटेक्निक से भी दो टीमें आईं। इनके टीम लीडर रहे लोकेंद्र यादव और मेहूल देवांगन।