शुरू हुआ संग्राम / प्रत्याशी बढ़े तो पार्टियों ने लिया उसी समाज के स्टार प्रचारकों का सहारा। लेकिन मंच से नहीं ले सकेंगे प्रत्याशी का नाम, लिया तो खाते में जुड़ जाएगा हेलिकॉप्टर का खर्चा।
नियाव@ खैरागढ़
विधानसभा क्षेत्र में लोधी बहुलता को देखते हुए दोनों ही राष्ट्रीय पार्टियों ने इसी समाज के प्रत्याशी मैदान में उतारे। नाम वापसी के बाद स्थिति स्पष्ट हुई तो चुनाव लड़ने वाले 15 प्रत्याशियों में से आठ लोधी निकले और इनमें से भी छ: का सरनेम जंघेल है। अब वोटरों को साधने के लिए दोनों ही पार्टियों ने लोधी नेत्रियों पर भरोसा जताया है। भाजपा अपनी फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री उमा भारती को लेकर उतरेगी। वहीं कांग्रेस की युवा स्टार प्रचारक साधना भारती तीन दिनों तक खैरागढ़ का दौरा करेंगी।
उमा सोमवार सुबह सवा 10 बजे बाजार अतरिया में आमसभा लेंगी और साधना 3, 4 और 5 नवंबर को खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ही रहेंगी। फिलहाल उनकी सभा के लिए स्थान तय नहीं है। लेकिन एजेंडा क्लीयर है। दोनों ही पार्टियां एक भी लोधी वोट हाथ से नहीं जाने देना चाहतीं। इसीलिए सारे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। प्रत्याशी अपने रिश्तेदारों से संपर्क साध रहे हैं। एक-एक वोट के पीछे रणनीति तय की जा रही है। दोनों नेत्रियों को लाने के पीछे पार्टी नेतृत्व का इरादा स्पष्ट है। उमा सरकार की उपलब्धियां गिनाकर वोटरों को रिझाएंगी और साधना बागियों पर नकेल कसेंगी।
कार्यकर्ताओं के साथ प्रचार की रणनीति पर चर्चा करते गिरवर

स्टार प्रचारकों में अमित और रमन भी
भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी शामिल हैं। हालांकि उनके आने का दिन फिलहाल तय नहीं है। वहीं कांग्रेस के अन्य प्रचारकों की सूची एक-दो दिन में सामने आ जाएगी। शनिवार को आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारक मॉडल टाउन दिल्ली के विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ने विधानसभा का दौरा किया।
कार्यकर्ताओं के साथ मां दंतेश्वरी से आशीर्वाद लेने पहुंचे कोमल

कमल और पंजे के लिए ही मांग सकेंगे वोट
बड़ी बात ये कि विधानसभा चुनाव के दौरान आने वाले स्टार प्रचारक पार्टी के लिए ही वोट मांग सकेंगे। उनके मंच पर पार्टी को एक भी प्रत्याशी नहीं रहेगा और न ही स्टार प्रचारक उनका नाम लेकर वोट की अपील करेंगे। ऐसा हुआ तो नेताओं के आने-जाने का खर्च प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जाएगा। सिंबॉल वितरण के दौरान आरओ चंदन कुमार ने यह बात स्पष्ट तौर पर कही है।
प्रचार में राउत नाचा के दोहे व पंडवानी की धुन
मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए तमाम प्रत्याशी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वालों से संपर्क साध चुके हैं। गिरवर के साथ राउत नाचा और पंडवानी की पार्टियां चलेंगी। कोमल और देवव्रत ने भी संस्थाओं को काम पर लगा रखा है।
प्रत्याशियों ने कार्यकर्ताओं के लिए खोला लंगर
मतदान के लिए मात्र 15 दिन शेष हैं। इसमें से भी पांच दिन दिवाली में निकल जाएंगे। अब 10 दिनों में दो लाख एक हजार 701 मतदाताओं तक पहुंचना टेढ़ी खीर है। ऐसे में पूरा चुनाव कार्यकर्ताओं के भरोसे है। इसलिए सभी प्रत्याशियों ने लंगर खोल रखा है।
कल अतरिया में आएंगी उमा
भाजपा के मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र जैन ने बताया कि उमा भारती का कार्यक्रम सोमवार को बाजार अतरिया में होगा। इसकी परमिशन ले ली गई है। बाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री की भी सभा होगी।
तीन दिन रहेंगी साधना
कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष भीखमचंद छाजेड़ ने बताया कि राष्ट्रीय नेत्री साधना भारती तीन दिनों तक विधानसभा क्षेत्र में रहेंगी। तारीख तय है, जल्द ही आमसभा के लिए जगह भी सुनिश्चित कर लेंगे।
और इसे भी पढ़ें...
केजरीवाल के विधायक बोले- जाति नहीं बच्चे का भविष्य देखकर दें वोट