ख़ैरागढ़. प्रमोशन लिस्ट जारी होने से पहले ही शिक्षा विभाग का स्थानीय कार्यालय खुली मंडी बना हुआ है। एक - एक पद के पीछे 30 से 40 हज़ार रूपए तक का लेन - देन होने की जानकारी मिली है। मामले में शिक्षा विभाग के कार्यालयीन कर्मचारियों की भूमिका बताई जा रही है। हालांकि आला अधिकारी पूरे मामले से ये कहते हुए पल्ला झाड़ रहे हैं कि सूची जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जारी होना है। पर जानकारी मिली है कि सूची पर मात्र हस्ताक्षर जिला शिक्षा अधिकारी का होना है। लेकिन पूरी सूची स्थानीय स्तर पर ही तैयार की गई है। जिसे पैसे के आधार पर ही तैयार किए जाने की ख़बर मिली है। इसमें सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। सूची में कुछ नाम स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सिफारिश पर भी शामिल किया गया है। लेकिन उनसे राशि का लेन देन भी विभागीय स्तर पर होने की जानकारी मिली है। नाम न छापने की शर्त पर पैसे देने वाले शिक्षक ही लेन देन की पोल खोल रहे हैं।
ट्रांसफर लिस्ट में ही हो चुका है लेन - देन
पदस्थापना को लेकर शिक्षा विभाग के भ्रष्टाचार का मामला नया नहीं है। इससे पहले ट्रांसफर को लेकर भी इतनी ही राशि के लेन - देन की भी जानकारी मिली है। और पैसे के आधार पर ही मन पसंद जगह मिली है।

लाखों का है खेल
फ़ौरी तौर पर लेन देन का यह मामला सामान्य नज़र आता है। पर इसमें विभाग में लाखों का खेल चल रहा है। सूची में कुल 215 शिक्षकों का प्रमोशन होना है। इस लिहाज यदि प्रत्येक शिक्षक से यदि इतनी ही राशि ली गई है तो इसकी वसूली लाखों में पहुंचती है।
हर काम का है रेट फ़िक्स
शिक्षा विभाग में हर काम का रेट फ़िक्स है। मामला फिर चाहे ट्रांसफर का हो या फिर प्रमोशन का। शिक्षकों से सर्विस बुक दुरुस्त करने से लेकर अन्य छोटे छोटे कामों के लिए भी राशि की वसूली होती है। हालांकि शिक्षक खुद भी अपनी सुविधा के लिए इन कामों के लिए अच्छी खासी रकम विभागीय दलालों को देते हैं।

क्या कहते हैं ज़िम्मेदार
ऐसी कोई जानकारी नहीं - यशोदा वर्मा,विधायक
मामले पर विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि ऐसी कोई जानकारी उनके पास नहीं है।
कोई दलाल है तो बताएं कार्यवाही होगी - राजेश कुमार सिंह, डीईओ
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कोई दलाल है,तो बताएं उनके ऊपर कार्यवाही की जाएगी। लिस्ट अभी ओपन नहीं किया गया है। यदि कोई नेता और शिक्षक ये चाह रहे हैं कि पोस्टिंग घर के पास हो तो ऐसा नहीं होगा। सूची का पूरा अवलोकन करने के बाद ही जारी किया जाएगा।
देने वाला ही बता सकता है लेन देन की बात - महेश भुआर्य,बीईओ
विकासखंड शिक्षा अधिकारी महेश भुआर्य ने बताया कि लिस्ट जिले से जारी होगा। कोई लेन देन नहीं हुआ है। अब लेन देन वाली बात तो देने वाला ही बता सकता है।
इसकी जानकारी नहीं,मैं सिर्फ ऑफिस का काम करता हूँ - भुवनेश्वर ठाकुर
शिक्षा विभाग के सहायक ग्रेड 3 के पद पर पदस्थ भुवनेश्वर सिंह ठाकुर ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। मैं ऑफिस का काम करता हूँ। मेरा बड़े लोगों जैसा पहुंच नहीं है।
