दहेज प्रताड़ना के कई मामले लगातार सामने आते रहते हैं। एक ऐसी ही घटना दुर्ग से सामने आयी है। शादी के पहले से लेकर शादी के बाद तक दहेज की मांग करने वाले ससुरालियों के खिलाफ एक विवाहिता ने महिला थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि न्यू आदर्श नगर दुर्ग निवासी पीड़िता की शादी 18 जून 2017 को सिलीकॉन सिटी इंदौर निवासी आरोपित ईशान जायसवाल से हुई थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में पति के साथ ससुर संजय जायसवाल, सास सुषमा जायसवाल, ननद स्वाति जायसवाल और नंदोई स्वप्निल जायसवाल पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता के ससुराल वालों ने सगाई और तिलक के समय पीड़िता के पिता से एक लाख 10 हजार रुपये लिए थे। जब शादी करने बारात लेकर पहुंचे तो शादी के पहले 10 लाख 90 हजार रुपये की मांग की। और धमकी दी की अगर पैसे नहीं मिले तो बारात वापस लौटा दिया जायगा। जिसके डर से पीड़िता के पिता ने गहने गिरवी रखकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर उसके ससुराल वालों को वो रकम दिया। इसके बाद उन्होंने शादी की।
शादी के बाद जब पीड़िता अपने ससुराल गई तो पति ने महंगे बाइक की मांग की। जिस पर पीड़िता के पिता ने उसे बाइक खरीदने के लिए 85 हजार रुपये दिया। इसी दौरान पीड़िता गर्भवती हुई और उसकी एक बेटी हुई। बेटी की जन्म के बाद आरोपियो ने 20 लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने उससे मारपीट करना शुरू कर दिया। जिसके बाद पीड़िता ने अपने मायके वालों को फोन किया।
जिस पर उसके परिजन, ससुरालियों को समझाने के लिए इंदौर पहुंचे। वहां आरोपियों ने प्रार्थिया के परिजनों से भी बद्सलूकी की और सभी को घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता अपने मायके पहुंची और महिला थाने में शिकायत की। जिसकी जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
महिला की शिकायत पर पांचों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी दूसरे शहर के रहने वाले हैं, इसलिए अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने जल्द ही टीम भेजी जाएगी।
-वी. प्रभाराव, टीआई, महिला थाना