मिशन संडे के नाम पर कांग्रेस की दादागिरी : विक्रांत चंद्राकर का बड़ा आरोप
खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के छुईखदान क्षेत्र स्थित रानी रश्मि देवी जलाशय में पर्यटकों की सुविधा के लिए वन विभाग द्वारा किए जा रहे विकास कार्य इन दिनों "मिशन संडे" के नाम पर विवादों में घिर गए हैं। इस बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विक्रांत चंद्राकर ने कांग्रेस विधायक और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
“विकास रोकने का प्रयास कर रही कांग्रेस” – विक्रांत चंद्राकर
चंद्राकर ने कहा कि वर्षों बाद पिपरिया जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है और पहली बार यहां पर्यटकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। “यह सब विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की देन है, लेकिन कांग्रेस इस विकास में रोड़े अटकाने का काम कर रही है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक और उनके पति द्वारा मिशन संडे के नाम पर अधिकारियों और कार्य एजेंसियों को धमकाया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है।
“भ्रष्टाचार है तो सबूत दें, धमकी नहीं”
विक्रांत चंद्राकर ने साफ शब्दों में कहा कि अगर कार्यों में भ्रष्टाचार हुआ है तो उसके ठोस प्रमाण जनता और प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं। “मात्र आरोप लगाकर विकास कार्यों को बदनाम करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है,” उन्होंने जोड़ा।
उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा पहले भी विधायक निधि के दुरुपयोग की चर्चा रही है, जिसे जनता अच्छी तरह जानती है। “मिशन संडे को कांग्रेसी ‘वसूली डे’ में बदलने की कोशिश कर रहे हैं, जो अब नहीं चलेगा,” उन्होंने तीखा प्रहार किया।
"भ्रष्टाचार पर सख्त होगी भाजपा सरकार"
चंद्राकर ने यह भी कहा कि यह नरेंद्र मोदी और विष्णुदेव साय की सरकार है, जहाँ भ्रष्टाचार कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी कार्य में भ्रष्टाचार साबित होता है तो दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा युवा मोर्चा देगा खुला विरोध
चंद्राकर ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस की ओर से मिशन संडे के नाम पर दादागिरी और धमकियों का सिलसिला नहीं रुका, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा खैरागढ़ विधायक के खिलाफ खुले तौर पर विरोध प्रदर्शन करेगा।