ख़ैरागढ़ 00 दशहरा पर्व के बाद प्रचार अभियान में तेज़ी आ गई है। हालांकि आम जन मानस के बीच चुनावी चर्चा के बावजूद चुनावी माहौल नहीं बन पाया है। उसके बावजूद प्रत्याशी प्रचार अभियान में भरपूर ताकत लगा रहे हैं।
किसान सहित हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही कांग्रेस - यशोदा वर्मा
कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा जन संपर्क के माध्यम से लगातार लोगों के बीच जाकर अल्पकाल में किए गए विकास कार्यों की फेहरिस्त गिना रही हैं। तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों के बल पर खुद के पक्ष में मतदान की अपील कर रही हैं। शुक्रवार को चकनार,जगमड़वा,हनइ बन,बागुर,मझगांव सहित अन्य गांव में प्रचार अभियान के दौरान यशोदा वर्मा ने कहा अल्प समय में जिले की सौगात मिली। जिसकी वजह से आज लोगों को छोटे - बड़े कामों के लिए राजनांदगांव जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। बल्कि सारे काम पास में ही हो जाते हैं। यशोदा ने आरोप लगाते हुए कहा भाजपा विकास विरोधी है। 15 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद ख़ैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए कोई भी ठोस विकास का काम नहीं किया है। यशोदा ने कहा कि कांग्रेस हर स्तर पर किसानों,युवाओं,महिलाओं हर वर्ग के सतत उत्थान के लिए काम कर रही है। यशोदा ने कहा कि एक कार्यकाल में जिले जैसी बड़ी सौगात मिली है। आगे विकास की ऐतिहासिक कहानी रची जाएगी। वर्मा के साथ जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता और आम जन मौजूद रहे।

यशोदा को मिला पद्मा का साथ
जनसंपर्क में यशोदा वर्मा के साथ लगातार पद्मा सिंह साथ चल रही हैं। एक तरह से चुनावी वैतरणी पार करने में यशोदा को पद्मा का साथ मिला है। पद्मा सिंह न केवल जन संपर्क में साथ हैं बल्कि चुनावी नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित कर रही हैं। उक्त ग्रामों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए पद्मा सिंह ने कहा कि क्षेत्र में आज जो भी विकास हुआ है। वह कांग्रेस की ही देन है। पद्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हर वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई हैं। और उसका क्रियान्वयन ज़मीनी स्तर पर हो रहा है।