ख़ैरागढ़ 00 नगरपालिका में सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता ने कुर्सी खरीदी के नाम पर हुए भ्रष्टाचार की शिकायत बुधवार को कलेक्टर गोपाल वर्मा से की। वरिष्ठ नागरिक घेवरचंद कोठारी सहित अन्य के साथ पहुंचे गुप्ता ने कलेक्टर वर्मा को बताया कि वित्तीय वर्ष 2022 - 23 में अध्यक्ष व पार्षद निधि से आरसीसी कुर्सियों की खरीदी की गई है। फ़र्ज़ी बिल के सहारे उक्त खरीदी में कुल 50 लाख से अधिक की राशि का हेरफेर किया गया है। उक्त खरीदी में न केवल नियमों को दरकिनार किया गया है। बल्कि शासन को लाखों का नुकसान पहुंचाया गया है। गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका के इतिहास में नगद हेरफेर का यह सबसे बड़ा मामला है। इसलिए मामले की जल्द से जल्द जांच कर दोषियों पर कार्यवाही एफआइआर के लिए निर्देशित करें। सांसद प्रतिनिधि गुप्ता ने बताया कि मामले पर कलेक्टर वर्मा ने मामले की जांच स्वतंत्र एजेंसी से करवाने का आश्वासन दिया।
पालिका में मचा हड़कंप
खरीदी में हुए लाखों के घालमेल के खुलासे के बाद नगरपालिका में हड़कंप मचा हुआ है। और पालिका के तमाम जनप्रतिनिधि खरीदी के ठीकरा तत्कालीन सीएमओ सूरज सिदार पर फोड़ रहे हैं। हालांकि पालिका के सूत्रों की माने तो पालिका के सत्ता और विपक्ष से जुड़े जनप्रतिनिधियों की सहमति से ही खरीदी में गड़बड़ियों को अंजाम दिया गया है।
जांच से मिलेगा इन सवालों का जवाब
किस आधार पर किया गया फर्मों का चयन ?
खरीदी में क्यों नहीं अपनाई गई निविदा प्रक्रिया ?
कहाँ गई 71 लाख की कुर्सियां ?
किस - किस को मिला कुर्सी का कमीशन ?
दोगुने दामों पर क्यों खरीदी गई आरसीसी कुर्सियां ?
एक ही फ़र्म से अलग - अलग दर पर खरीदी
मामले में एक नया खुलासा हुआ जिससे भ्रष्टाचार के खुलासे पर मुहर लग गया है। एक ही फर्म से अलग - अलग दरों में खरीदी बताई गई। साथ ही एक तरह की कुर्सी का मूल्य दो फर्मों से अलग - अलग लिया गया है। मात्र बमुश्किल 3 हज़ार से 35 सौ में आने वाली कुर्सियों को 7 से 10 हज़ार में लिया गया है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियो के लिए नाराज़गी
खरीदी में गड़बड़ियों के खुलासे के बाद से जन प्रतिनिधियो और पालिका के अधिकारियों को लेकर नगर में रोष व्याप्त है। वरिष्ठ नागरिक घेवरचंद कोठारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा पालिका को लूट का केंद्र बना दिया गया है। जिस प्रकार से खरीदी में भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया है। उससे यह साफ होता है। पालिका में सिवाय भ्रष्टाचार के कुछ नहीं हो रहा है। दोषियों पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए ।