Print this page

विश्व पर्यावरण दिवस पर "मोर गांव—मोर पानी" अभियान, जिले में 5000 सोखता गड्ढे और वृहद पौधरोपण की तैयारी Featured

 

खैरागढ़. विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर खैरागढ़ जिले में “मोर गांव—मोर पानी” अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण के उद्देश्य से जनसहभागिता के माध्यम से 5000 से अधिक सोखता गड्ढों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

 

कलेक्टर ने दी सख्त हिदायत—विकास कार्यों में नहीं चलेगी लापरवाही

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्वक पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास और जनसेवा से जुड़े कार्यों में लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

बैठक में कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गेरूखदान क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों की प्रगति की भी समीक्षा की और बैताल रानी मंदिर विकास योजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

जनभागीदारी से होगा जल और हरियाली का संवर्धन

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि "मोर गांव—मोर पानी" अभियान के अंतर्गत जिले में सामूहिक श्रमदान के जरिए 5000 से अधिक सोखता गड्ढों का निर्माण किया जाएगा। यह पहल वर्षा जल संचयन और भूजल स्तर में वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।

साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, मीडिया कर्मियों, वरिष्ठ नागरिकों और आमजन की भागीदारी से बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण से भावनात्मक रूप से जोड़ना और हरियाली बढ़ाना है।

 

अधिकारियों को अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश 

कलेक्टर चंद्रवाल ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे इस अभियान को सिर्फ सरकारी कार्य न मानकर एक जनआंदोलन के रूप में लें। उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन और सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के त्वरित और संतोषजनक निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की भी बात कही।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, एसडीएम खैरागढ़ टंकेश्वर प्रसाद साहू, एसडीएम छुईखदान-गडई अविनाश ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rate this item
(0 votes)
रागनीति डेस्क-1

Latest from रागनीति डेस्क-1

Related items