×

Warning

JUser: :_load: Unable to load user with ID: 807

सीधा वेंडर भुगतान: लिपिक लिकेश तिवारी निलंबित, डबल भुगतान मामले में जांच टीम गठित Featured

खैरागढ़. छुईखदान जनपद पंचायत की 14 नवम्बर को हुई सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में एक बड़े निर्णय के तहत सहायक ग्रेड 2 लिकेश तिवारी को तत्काल प्रभार से निलंबित कर जिला पंचायत केसीजी में अटैच कर दिया गया। तिवारी पर आरोप था कि तत्कालीन सीईओ रवि कुमार और झुमुक के साथ मिलकर उन्होंने पंचायत सचिवों, ऑपरेटरों और पसंदीदा मटेरियल सप्लायरों को फायदा पहुंचाने की नीयत से पंचायत की अनुमति बिना ही राशि सीधे उनके खातों में डाली। यह आरोप जांच में सही पाए गए जिसके बाद जिला पंचायत ने कार्रवाई के निर्देश जारी किए थे। समिति ने 60 दिवस के भीतर विभागीय जांच पूरी कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आदेश दिया है जिसके बाद बर्खास्तगी तक की कार्रवाई संभव है। वहीं दोनों जनपद सीईओ पर कार्रवाई जिला पंचायत सीईओ ने संचालक को पत्र लिखा है, लेकिन अभी तक उन पर कार्रवाई नहीं हुआ है।

ऑपरेटरों की दोहरी कमाई का खुलासा जांच टीम गठित

बैठक में बड़ा मुद्दा ऑपरेटर सतीश जांगड़े, भुवन राजक और दीपक साहू की दोहरी कमाई को लेकर उठा। इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने एक ही समय में पंचायत और जनपद दोनों से परिश्रमिक लिया जिससे शासन को लाखों का नुकसान हुआ। इतना ही नहीं इन ऑपरेटरों ने पंचायत में बिना जनपद पंचायत के अनुमति कार्य किया और पंचायत की डीएससी का उपयोग भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों के साथ सभापति डोमार सिंह और ज्योति वर्मा को शामिल कर जांच टीम गठित की गई।

महिला बाल विकास में नियुक्ति गड़बड़ी सदस्यों ने लगाए गंभीर आरोप

महिला बाल विकास विभाग में नियुक्ति प्रक्रिया का नियमतः पालन न होने पर भी बैठक में तीखी नाराजगी देखी गई। सदस्यों ने कहा कि स्थायी समिति की बैठक बगैर ही नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया। कुछ सदस्यों ने तो पैसा लेकर नियुक्ति देने तक के आरोप लगा दिए। इस पर कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को जिला स्तरीय जांच टीम गठित कर जांच कराने पत्राचार करने प्रस्ताव पारित किया गया

स्वास्थ्य सेवाओं में कमी डॉक्टर की मांग पर प्रस्ताव

बैठक के दौरान छुईखदान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की अनुपलब्धता का मुद्दा उठा। सदस्यों ने स्वास्थ्य सुविधा को मजबूती देने हेतु उच्च कार्यालय को तत्काल डॉक्टर की व्यवस्था सुनिश्चित कराने पत्र भेजने का प्रस्ताव पारित किया

बजट लापरवाही पर सदस्यों का हमला दो वर्षों से बिना बजट खर्च

बैठक में बजट को लेकर भी बड़ी नाराज़गी देखने को मिली। सदस्यों ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट अधिकारियों की लापरवाही के कारण नहीं बना और इसके बावजूद पूरे साल खर्च होता रहा। इसी तरह 2025-26 का बजट भी अब तक तैयार नहीं किया गया जो पंचायत राज अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। सीईओ द्वारा बैठक में पेश बजट को सदस्यों ने काल्पनिक आंकड़ों वाला बताते हुए अनुमोदन से इंकार कर दिया और प्रस्ताव पारित कर तत्कालीन सीईओ की शिकायत पंचायत संचालनालय रायपुर वित्त सचिव नवा रायपुर राज्य शासन महालेखाकार जिला सीईओ और संभाग आयुक्त को भेजने का निर्णय लिया। साथ ही निर्देश दिया गया कि उच्च कार्यालय की अनुमति और बजट अनुमोदन के बाद ही किसी प्रकार का खर्च किया जाए

अनुमोदन के बिना राशि आहरण और चुनावी खर्च पर जवाबदेही तय करने की मांग

सदस्यों ने बैठक में उन भुगतानों की जानकारी मांगी जो बिना डबल हस्ताक्षर और उचित अनुमोदन के किए गए। इसके साथ ही चुनाव में अधिक खर्च करने के मामले में उच्च कार्यालय से अनुमति लेने संबंधी पत्राचार की प्रतियां भी तलब की गई हैं ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके

सीमेंट फैक्ट्री का विरोध, ब्लॉक डेवलपमेंट कमेटी ने फैक्ट्री न लगाने का प्रस्ताव पारित किया

ब्लॉक डेवलपमेंट कमेटी की बैठक में बुंदेली, जंगलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में प्रस्तावित श्री सीमेंट फैक्ट्री की स्थापना का कड़ा विरोध किया गया। सदस्यों ने स्पष्ट कहा कि स्थानीय परिस्थितियों, पर्यावरणीय प्रभाव और ग्रामीण हितों को देखते हुए इस इलाके में सीमेंट फैक्ट्री नहीं लगाई जानी चाहिए। इसी आधार पर समिति ने फैक्ट्री स्थापना को पूर्ण रूप से रोकने हेतु प्रस्ताव पारित कर उच्च कार्यालय को भेजने का निर्णय लिया।

शुक्रवार को सम्पन्न सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में सहायक ग्रेड-2 लिकेश तिवारी को निलंबित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया है। संबंधित निलंबन आदेश की आधिकारिक प्रति सोमवार को जारी की जाएगी।

केश्वरी देवांगन, सीईओ जनपद पंचायत छुईखदान

Rate this item
(1 Vote)
Last modified on Sunday, 16 November 2025 21:43

Latest from रागनीति डेस्क-1

Leave a comment

Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.