Print this page

अब छत्‍तीसगढ़ महिला कांग्रेस में दो कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की तैयारी

By September 18, 2018 621 0

रायपुर। युवा कांग्रेस के बाद अब महिला कांग्रेस में भी दो कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति की तैयारी है। प्रदेश समन्वय समिति की बैठक में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम के कामकाज पर सवाल उठने के बाद यह चर्चा शुरू हुई है।

इधर, पार्टी के नेताओं का कहना है कि चुनाव के मद्देनजर कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति पर बात चल रही है। पार्टी में महिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्षों में रायपुर की पूर्व महापौर डॉ. किरणमयी नायक व बिलासपुर की पूर्व महापौर वाणी राव के नाम की चर्चा है।

एक सितंबर को राजीव भवन में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया की उपस्थिति में प्रदेश समन्वय समिति, प्रदेश चुनाव अभियान समिति और प्रदेश चुनाव प्रचार समिति की बैठक हुई थी। इस बैठक में पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उमेश पटेल और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष नेताम की सक्रियता पर सवाल उठाए थे। युवा कांग्रेस में तो अगले दिन ही दो कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति हो गई थी। अब पार्टी सूत्रों के अनुसार महिला कांग्रेस की बारी है।

महंगाई पर करना है लगातार आंदोलन

महिला कांग्रेस को महंगाई पर लगातार आंदोलन करना है, लेकिन अब तक संगठन के पदाधिकारी केवल फोटो खिंचवाने वाला आंदोलन करते रहे हैं। आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति जल्द की जा सकती है।

राव जकांछ में चली गई थीं, वापसी की

वाणी राव कांग्रेस छोड़कर अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ में चली गई थीं। उन्होंने कांग्रेस में वापसी कर ली है। राव ने 2013 का विधानसभा चुनाव बिलासपुर सीट से कांग्रेस के टिकट से लड़ा था। इस बार उन्होंने टिकट की दावेदारी नहीं की है। जबकि, रायपुर की पूर्व महापौर डॉ. नायक ने रायपुर जिले की धरसींवा सीट से टिकट मांगा है। अभी वे संचार विभाग की सदस्य हैं।

Rate this item
(0 votes)
Last modified on Thursday, 09 January 2020 12:18
वेब एडमिन

Latest from वेब एडमिन